



- झारखण्ड के नए राज्यपाल के रूप में सी पी राधाकृष्णन को किया गया नियुक्त
- महज़ डेढ़ साल के कार्यकाल में बदले गए झारखण्ड के राज्यपाल
- रमेश बैस बने महाराष्ट्र के नए राज्यपाल
रांची। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की ओर से देश के 13 राज्यों के राज्यपाल को बदला गया है। रविवार को जारी अधिसूचना में झारखण्ड के नए राज्यपाल के रूप में सी पी राधाकृष्णन को नियुक्त किया गया है। वहीं भारत के राष्ट्रपति ने महाराष्ट्र के राज्यपाल के रूप में भगत सिंह कोश्यारी और लद्दाख के उपराज्यपाल के रूप में श्री राधा कृष्णन माथुर के इस्तीफे को स्वीकार कर लिया है।
लेफ्टिनेंट जनरल कैवल्य त्रिविक्रम परनाइक (सेवानिवृत्त) अरुणाचल प्रदेश के राज्यपाल, सिक्किम के राज्यपाल के रूप में लक्ष्मण प्रसाद आचार्य, राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर को बिहार का राज्यपाल बनाया गया है। शिव प्रताप शुक्ल हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल नियुक्त हुआ हैं। असम के राज्यपाल के रूप में गुलाब चंद कटारिया होंगे। न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) एस अब्दुल नज़ीर आंध्र प्रदेश के राज्यपाल के रूप में नियुक्त किए गए हैं।
वहीं आंध्र प्रदेश के राज्यपाल बिस्वा भूषण हरिचंदन को छत्तीसगढ़ का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। छत्तीसगढ़ की राज्यपाल सुश्री अनुसुइया उइके को मणिपुर का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। मणिपुर के राज्यपाल ला गणेशन को नागालैंड का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। बिहार के राज्यपाल फागू चौहान को मेघालय का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर को बिहार का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। झारखंड के राज्यपाल रमेश बैस को महाराष्ट्र का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। ब्रिगेडियर (डॉ.) बी.डी. मिश्रा (सेवानिवृत्त), अरुणाचल प्रदेश के राज्यपाल को लद्दाख का उपराज्यपाल नियुक्त किया गया है।
अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव और इस साल होने वाले कई राज्यों के विधानसभा चुनाव के पहले देश के 13 राज्यों के राज्यपाल बदले जाने को एक बड़ी राजनीतिक रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है। कई ऐसे राज्यों में जहाँ मौजूदा समय में गैर भाजपा शासित सरकार है, वहां इन बदलावों का बड़ा असर होना माना जा रहा है। विशेषकर अगर कोई राजनीतिक उलटफेर हुआ तो उस स्थिति में इन राज्यपालों की भूमिका अहम हो जाएगी।