आजादी के बाद भी गढ़वा जिला बिजली की समस्या से जूझ रहा है, जिले के निवासी आज भी ढिबरी युग मे रहने को विवश हैं: डॉक्टर अजय कुमार
गढ़वा (झारखण्ड): गुरुवार को बिजली को लेकर कांग्रेसियों के तत्वधान में महा रैली निकाली गई। इस रैली में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए झारखंड प्रदेश के कांग्रेस अध्यक्ष डॉक्टर अजय कुमार का गढ़वा में भव्य स्वागत किया गया। अजय कुमार जिला में बिजली और महंगाई के मुद्दे को लेकर जनसभा में उपस्थित थे, जहां हजारों की भीड़ थी। अजय कुमार ने खुली जीप में सवार होकर गढ़वा में रोड शो भी किया। रोड शो में काफी संख्या में मोटरसाइकिल पर सवार कार्यकर्ता शामिल दिखे।
कांग्रेस पार्टी के तत्वावधान में जिला मुख्यालय में बिजली और महंगाई के मुद्दे पर जनसभा का आयोजन भी किया गया। इस दौरान उनके स्वागत में कार्यकर्ताओं की ओर से विश्रामपुर विधान सभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी अजय दुबे ने अगुवाई किया।
हजारों के बीच प्रदेश अध्यक्ष डॉ अजय कुमार ने वर्तमान प्रधान मंत्री मोदी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उद्योगपतियों के काले धन को सफेद करना भाजपा सरकार की उपलब्धि है। साथ ही कहा कि भाजपा भगवान का इस्तेमाल सत्ता पाने के लिए करती है। फिर से धर्म का बखेड़ा खड़ा कर भरमाया जा रहा है। डॉ अजय कुमार ने आयुष्मान भारत योजना पर भी कई सवाल उठाए। कहा कि बड़े हॉस्पिटल को लाभ पहुंचाने के लिए इसे लागू किया गया है।
उन्होंने मोदी पर तंज कसते हुए ‘मुंह में राम’ ‘बगल में नाथूराम’ को रखने जैसी बात कही। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने उपस्थित हजारों लोगों से कृषि, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में हुए कार्य की जानकारी भाजपा सरकार से पूछने की अपील की। कहा कि इस क्षेत्र में कोई कार्य नहीं हुआ।
संवाददाता: विवेक चौबे, गढ़वा, झारखण्ड