मौसम ने ली करवट, रांची में आसमान से गिरी बूंदे, गर्मी से लोगों को फौरी राहत

रांची: दोपहर 12 बजते ही राजधानी रांची समेत आसपास के इलाकों में मौसम ने करवट ली. आसमान को बादलों ने घेर लिया. कई जगहों पर बारिश की बूंदे भी गिरीं. इस दौरान तेज हवाए भी चलीं. मौसम के इस रुख से लोगों को भीषण गर्मी के प्रकोप से फिलहाल थोड़ी राहत मिली है. तापमान में 3 से 4 डिग्री  गिरावट आई है. आज सुबह 10 बजे की बात करें तो रांची में लगातार दूसरे दिन अधिकतम तापमान 41 डिग्री के पार रहा.

मौसम केंद्र रांची के अनुसार रांची, पलामू, पाकुड़, साहिबगंज और गोड्डा के कई इलाकों में अगले 2-3 घंटों में मौसम में बदलाव होगा, मेघ गर्जन के साथ हल्की और मध्यम बारिश होगी साथ ही इस दौरान 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी. सुबह 10 बजे की बात करें तो 44.9 डिग्री अधिकतम पारा के साथ डालटनगंज झारखंड का सबसे गर्म जिला है. वहीं पलामू 44.3, गढ़वा 43.9 और जमशेदपुर में तापमान 43.5 डिग्री रहा. वहीं 34 डिग्री अधिकतम तापमान के साथ साहिबगंज और पाकुड़ सबसे ठंडे जिले हैं.

You May Like This